Gold Price Crash: सोने में 5200 रुपये की भारी गिरावट, 9 दिन में 17,600 रुपये सस्ता हुआ गोल्ड
शुक्रवार को सोने की कीमतों में 5,200 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,29,300 रुपये पर आ गया। लगातार नौ कारोबारी सत्रों की गिरावट में सोना रिकॉर्ड ऊंचाई से 53,700 रुपये सस्ता हो चुका है। जानिए गिरावट की वजह।
Gold Price Crash: सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वैश्विक बाजार में बिकवाली और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के बीच शुक्रवार को घरेलू सर्राफा बाजार में सोना 5,200 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। इसके साथ ही सोने का भाव एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। लगातार नौ कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट में सोना अब तक 17,600 रुपये यानी करीब 12 प्रतिशत टूट चुका है। जनवरी में बने रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो इसकी कीमत में 53,700 रुपये की कमी आ चुकी है।
सोने के भाव में एक दिन में 5,200 रुपये की गिरावट
दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 5,200 रुपये गिरकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें सभी टैक्स शामिल हैं। इससे पिछले कारोबारी सत्र यानी गुरुवार को सोना 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
लगातार नौ कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में आई गिरावट के चलते भाव 17,600 रुपये नीचे आ चुका है। शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार बंद रहने के कारण अब अगले कारोबारी सत्र में कीमतों की दिशा पर नजर रहेगी।
रिकॉर्ड हाई से 53,700 रुपये सस्ता हुआ सोना
इस साल जनवरी के आखिर में सोने की कीमत 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद से कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच अब तक 53,700 रुपये यानी करीब 29.3 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।
9 नवंबर को सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। वहीं, शुक्रवार का भाव 14 नवंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। उस समय सोना 1,29,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों की आशंका से टूटा सोना
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, इस सप्ताह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 1.5 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती आई। इससे घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।
वहीं, निवेश प्लेटफॉर्म लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, डॉलर का 19 महीने के उच्च स्तर के करीब बने रहना और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की ऊंची यील्ड ने सोने जैसी कीमती धातुओं का आकर्षण कम किया है। सोना ब्याज नहीं देता, इसलिए बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर निवेशकों की दिलचस्पी इसमें घट सकती है।
कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदारों को राहत
सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बीच आभूषण खरीदने वाले परिवारों को राहत मिली है। ऑगमोंट की मुख्य शोध अधिकारी रेनिशा चेनानी के मुताबिक, कीमतें कम होने के कारण इस सप्ताह सोने की खरीदारी बढ़ी है। खासकर शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने वाले परिवारों ने कम कीमतों का लाभ उठाया है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसके बावजूद बाजार में हाजिर मांग का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है। वहीं, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों पर वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और डॉलर की चाल का असर बना रह सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 5वें दिन लुढ़का
घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को हाजिर सोना 110.24 डॉलर यानी 3.04 प्रतिशत टूटकर 3,515.02 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। यह लगातार पांचवां कारोबारी सत्र था, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत गिरी।
इस गिरावट के साथ सोना 4 सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इस साल जनवरी में 5,595.02 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 37 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुका है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,500 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम सपोर्ट बना हुआ है।
