GST Reform : घी, पनीर, शैम्पू, साबुन से लेकर एसी-फ्रिज तक…नवरात्र के पहले दिन से ही घटेंगी इन चीजों की कीमतें
GST Reform : देशभर के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने वाली है। 22 सितंबर 2025, सोमवार (शारदीय नवरात्रि के पहले दिन) से रोजमर्रा के किचन प्रोडक्ट्स से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयों, मेडिकल उपकरणों और वाहनों तक करीब 375 से ज्यादा सामान सस्ते हो जाएंगे। जीएसटी काउंसिल (GST Reform) ने दरों में कटौती का ऐलान किया है, जिसका सीधा फायदा आम जनता को मिलेगा, तो आइए एक नजर डालते है कि कौन-कौन सी चीजे सस्ती मिलेंगी।
GST Reform : खाने-पीने से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक राहत
घी, पनीर, मक्खन, नमकीन, जैम, केचप, सूखे मेवे, कॉफी और आइसक्रीम जैसे खाने-पीने की चीजों पर टैक्स घटाया गया है। वहीं टीवी, वॉशिंग मशीन और एसी जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स भी अब पहले से सस्ते मिलेंगे। एफएमसीजी कंपनियां पहले ही अपने प्रोडक्ट्स की कीमतें कम करने की घोषणा कर चुकी हैं।
दवाइयां और मेडिकल उपकरण होंगे किफायती
अधिकांश दवाओं, फॉर्मूलेशन, डायग्नॉस्टिक किट और ग्लूकोमीटर जैसे मेडिकल उपकरणों पर जीएसटी घटाकर केवल 5% कर दिया गया है। सरकार ने मेडिकल स्टोर्स को निर्देश दिया है कि वे कम किए गए टैक्स का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाएं और दवाएं पुराने एमआरपी पर न बेचें।
घर बनाने वालों के लिए खुशखबरी
सीमेंट पर जीएसटी दर 28% से घटाकर 18% कर दी गई है। इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा जो नया घर बना रहे हैं या निर्माण कार्य करवा रहे हैं।
ऑटो सेक्टर में बड़ी राहत
वाहन खरीदारों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। अब छोटी कारों पर टैक्स 18% और बड़ी कारों पर 28% कर दिया गया है। कई कार कंपनियां पहले ही कीमतें कम करने की घोषणा कर चुकी हैं।
किन-किन चीजों पर सिर्फ 5% जीएसटी?
- बालों का तेल
- साबुन और शैम्पू
- टूथब्रश और टूथपेस्ट
- टेलकम पाउडर, फेस पाउडर
- शेविंग क्रीम और आफ्टरशेव लोशन
पहले इन पर 12% या 18% टैक्स लगता था, लेकिन अब दर घटाकर सिर्फ 5% कर दी गई है।
अब सिर्फ दो टैक्स स्लैब
22 सितंबर से जीएसटी में दो ही मुख्य स्लैब रहेंगे – 5% और 18%।
- रोजमर्रा की वस्तुएं इन स्लैब में आएंगी।
- विलासिता की वस्तुओं पर 40% टैक्स लागू होगा।
- तंबाकू और उससे जुड़े उत्पादों पर 28% टैक्स के साथ उपकर भी लगेगा।
इस बदलाव से लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में राहत मिलेगी और उपभोग बढ़ने की संभावना है।
