LIC शेयरों में दिखी 50% की गिरावट, 823 रुपये से गिरकर 414 रुपये पहुंचा, जानें कारण?
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC) के शेयरों में शुक्रवार को करीब 50 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, यह गिरावट कंपनी के कारोबार या वित्तीय स्थिति में कमजोरी के कारण नहीं, बल्कि 1:1 बोनस शेयर इश्यू के चलते हुई है।
एलआईसी के शेयर 823 रुपये के स्तर से टूटकर करीब 414 रुपये पर कारोबार करते दिखाई दिए। दरअसल, कंपनी पहली बार अपने शेयरधारकों को 1:1 अनुपात में बोनस शेयर जारी कर रही है। 29 मई को शेयर एक्स-बोनस हो गए, जिसके चलते शेयर मूल्य में तकनीकी रूप से करीब 50 फीसदी का समायोजन (Adjustment) हुआ है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि शेयर कीमत में आई यह गिरावट निवेशकों के लिए किसी नुकसान का संकेत नहीं है। बोनस इश्यू के तहत शेयरधारकों को उनके पास मौजूद प्रत्येक एक शेयर के बदले एक अतिरिक्त इक्विटी शेयर मिलेगा। यानी यदि किसी निवेशक के पास 100 शेयर हैं तो उसे 100 अतिरिक्त बोनस शेयर प्राप्त होंगे।
एलआईसी ने अप्रैल 2026 में बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की थी। कंपनी के निदेशक मंडल ने 1:1 बोनस इश्यू को मंजूरी दी थी। बोनस शेयरों के लिए पात्र शेयरधारकों का निर्धारण करने हेतु 29 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई थी। रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के पास एलआईसी के शेयर होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे।
इससे पहले 27 मई को भी एलआईसी के शेयरों में दबाव देखने को मिला था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार कंपनी में अपनी 2 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने (विनिवेश) पर विचार कर रही है। इस खबर के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिसके चलते शेयर करीब 3 फीसदी गिरकर 830 रुपये पर बंद हुआ था।
हालांकि, बाजार विशेषज्ञ और एक्सिस सिक्योरिटीज के हेड ऑफ रिसर्च राजेश पालविया का कहना है कि एलआईसी के बुनियादी वित्तीय संकेतक मजबूत हैं और कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजे भी बेहतर रहे हैं। उनके मुताबिक, विनिवेश से जुड़ी खबरों के कारण अल्पावधि में शेयर पर दबाव देखने को मिल सकता है, लेकिन कंपनी की दीर्घकालिक स्थिति मजबूत बनी हुई है।
