Meta में बड़ी छंटनी शुरू, सुबह ईमेल आया और 8000 कर्मचारियों की नौकरी चली गई
New Delhi : Meta में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़े स्तर पर बदलाव जारी हैं और अब इसका असर कर्मचारियों की नौकरियों पर भी दिखाई देने लगा है। Amazon, IBM और Infosys जैसी कंपनियों के बाद अब Meta ने भी बड़े पैमाने पर छंटनी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी का फोकस तेजी से AI-फर्स्ट मॉडल की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
सिंगापुर से शुरू हुई छंटनी
Meta ने अपनी एशियाई हब Singapore से कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी वैश्विक स्तर पर करीब 8 हजार पदों को कम करने की योजना पर काम कर रही है। 20 मई की सुबह कर्मचारियों को ईमेल के जरिए इसकी जानकारी दी गई।
इसके बाद यूरोप और अमेरिका के कर्मचारियों को भी नोटिफिकेशन भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रभावित कर्मचारियों को फिलहाल वर्क फ्रॉम होम करने को कहा गया है। इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों पर पड़ रहा है।
AI पर भारी निवेश
Meta इस साल AI टेक्नोलॉजी पर 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा निवेश करने की तैयारी में है। कंपनी ने चार नई AI-नेटिव टीमों का गठन किया है और मैनेजमेंट लेयर को छोटा किया जा रहा है ताकि फैसले तेजी से लिए जा सकें।
कंपनी का मानना है कि इस बदलाव से हर साल लगभग 3 बिलियन डॉलर की बचत होगी। Meta अब अपने प्लेटफॉर्म्स और प्रोडक्ट्स में AI आधारित फीचर्स को तेजी से लागू करने की दिशा में काम कर रही है।
कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
सिंगापुर Meta के लिए एशिया का एक अहम सेंटर माना जाता है, इसलिए छंटनी की शुरुआत यहीं से की गई। लगातार हो रही कटौती के चलते कर्मचारियों में नौकरी को लेकर असुरक्षा बढ़ गई है। कई कर्मचारियों ने कंपनी के फैसले को लेकर नाराजगी भी जताई है।
टेक इंडस्ट्री में AI के बढ़ते इस्तेमाल ने अब यह बहस तेज कर दी है कि आने वाले समय में ऑटोमेशन और AI कितनी पारंपरिक नौकरियों को प्रभावित कर सकते हैं।
