छंटनी के बीच Oracle का बड़ा फैसला, करोड़ों के पैकेज पर नई CFO की एंट्री
Mumbai : दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Oracle ने हिलरी मैक्सन को अपना नया चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी हाल ही में वैश्विक स्तर पर करीब 30,000 कर्मचारियों की छंटनी कर चुकी है, जिनमें भारत के लगभग 12,000 कर्मचारी शामिल हैं।
करोड़ों का सैलरी पैकेज
कंपनी के मुताबिक, मैक्सन को सालाना 9.5 लाख डॉलर (करीब 7.8 करोड़ रुपये) की बेसिक सैलरी मिलेगी। इसके अलावा परफॉर्मेंस के आधार पर 2.5 मिलियन डॉलर (करीब 20.75 करोड़ रुपये) तक का बोनस भी दिया जाएगा। इस तरह उनकी कुल कैश सैलरी 3.45 मिलियन डॉलर (करीब 29 करोड़ रुपये) सालाना तक पहुंच सकती है।
₹200 करोड़ से ज्यादा की इक्विटी
मैक्सन के पैकेज का बड़ा हिस्सा स्टॉक-आधारित रिवॉर्ड है। कंपनी ने उन्हें 26 मिलियन डॉलर (करीब 215–216 करोड़ रुपये) की इक्विटी दी है। इसमें से 20.8 मिलियन डॉलर समय-आधारित और 5.2 मिलियन डॉलर परफॉर्मेंस-आधारित है, जो आने वाले वर्षों में तय शर्तों के अनुसार मिलेगा।
6 अप्रैल से संभालेंगी जिम्मेदारी
हिलरी मैक्सन 6 अप्रैल 2026 से CFO का पद संभालेंगी और कंपनी की CEO Safra Catz को रिपोर्ट करेंगी। इसके अलावा उन्हें रिलोकेशन सपोर्ट के तहत करीब 2 करोड़ रुपये तक का खर्च भी दिया जाएगा।
कौन हैं हिलरी मैक्सन?
मैक्सन ने Cornell University से बैचलर और MBA की डिग्री हासिल की है। इससे पहले वह Schneider Electric में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और ग्रुप CFO के पद पर कार्यरत थीं। इसके अलावा वह एंग्लो अमेरिकन plc में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और ऑडिट कमिटी की चेयरपर्सन भी हैं।
छंटनी के बीच नियुक्ति पर सवाल
गौरतलब है कि हाल ही में Oracle ने लागत कम करने के तहत बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की है। ऐसे में एक ओर हजारों कर्मचारियों की नौकरी जाने और दूसरी ओर शीर्ष पद पर भारी भरकम पैकेज के साथ नियुक्ति होने से यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
AI और क्लाउड पर फोकस
विशेषज्ञों का मानना है कि Oracle का यह कदम कंपनी की भविष्य की रणनीति को दर्शाता है, जिसमें क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों पर फोकस बढ़ाया जा रहा है।
