PNB ग्राहकों के लिए जरूरी खबर! 10 नवंबर तक कर लें ये काम, बंद हो सकता है बैंक खाता
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ऐसे खाते बंद किए जा सकते हैं, जिनमें तीन साल से कोई लेन-देन नहीं हुआ और बैलेंस जीरो है। खाते को चालू रखने के लिए 10 नवंबर 2026 तक प्रक्रिया पूरी करें। जानें KYC अपडेट करने की आखिरी तारीख, SMS और मोबाइल ऐप से KYC का तरीका।
अगर आपका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है, तो उसकी स्थिति और KYC अपडेट जरूर चेक कर लें। बैंक ने ऐसे खातों को बंद करने की प्रक्रिया से जुड़ा नोटिस जारी किया है, जिनमें पिछले तीन साल से ग्राहक की ओर से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और बैलेंस भी शून्य है। ऐसे खाते चालू रखने के लिए ग्राहकों को 10 नवंबर 2026 तक जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
बैंक के मुताबिक, यह कदम लंबे समय से निष्क्रिय खातों के गलत इस्तेमाल की आशंका और उनसे जुड़े जोखिम को कम करने के लिए उठाया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राहकों को अपनी KYC की स्थिति पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
किन PNB खातों को बंद किया जा सकता है?
PNB के 26 अक्टूबर 2026 के नोटिस के अनुसार, जिन खातों में 30 सितंबर 2026 तक पिछले तीन साल से ग्राहक की ओर से कोई लेन-देन नहीं हुआ है और जिनका बैलेंस भी जीरो है, उन्हें बंद किया जा सकता है।
अगर ग्राहक ऐसे खाते को चालू रखना चाहते हैं, तो उन्हें नजदीकी PNB शाखा में जाकर KYC की प्रक्रिया पूरी करानी होगी और खाते को दोबारा सक्रिय कराना होगा। इसके लिए 10 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। तय समय सीमा तक जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर खाता बंद होने का जोखिम रहेगा।
PNB ग्राहकों के लिए KYC अपडेट करना भी जरूरी
बैंक ने ग्राहकों को KYC अपडेट करने की समय सीमा भी याद दिलाई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशानिर्देशों के मुताबिक, KYC अपडेट कराना जरूरी है। जिन ग्राहकों की KYC अपडेट करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 थी, उन्हें यह प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने को कहा गया है।
PNB ने चेतावनी दी है कि तय समय तक KYC अपडेट नहीं कराने पर खाते के संचालन पर रोक या दूसरी पाबंदियां लगाई जा सकती हैं। इसलिए ग्राहकों को अपने खाते का KYC स्टेटस चेक कर लेना चाहिए।
घर बैठे कैसे अपडेट करें PNB की KYC?
PNB ग्राहक अपनी मौजूदा KYC जानकारी में कोई बदलाव नहीं होने पर SMS के जरिए भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए KYCNC लिखकर 9264092640 या 5607040 पर SMS भेजना होगा।
इसके अलावा PNB ONE मोबाइल ऐप के जरिए भी KYC अपडेट की जा सकती है। इसके लिए ऐप में लॉग इन करके My Profile > Check KYC Status > Update KYC विकल्प चुनें।
ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग में Personal Settings के माध्यम से भी KYC स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके अलावा रजिस्टर्ड ईमेल या डाक के जरिए अनुरोध भेजने का विकल्प भी है। इस प्रक्रिया में जरूरी दस्तावेजों की स्व-सत्यापित कॉपी और अनुरोध अपनी होम ब्रांच को भेजना होगा।
जो ग्राहक डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, वे किसी भी PNB शाखा में जाकर भी KYC अपडेट करा सकते हैं।
इन तारीखों का रखें खास ध्यान
PNB ग्राहकों के लिए दो तारीखें महत्वपूर्ण हैं। तीन साल से निष्क्रिय और जीरो बैलेंस वाले खाते को चालू रखने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की समय सीमा 10 नवंबर 2026 है। वहीं, जिन ग्राहकों की KYC अपडेट करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 थी, उन्हें 31 अक्टूबर 2026 तक KYC अपडेट करने को कहा गया है।
ऐसे में ग्राहकों को अपने खाते की स्थिति और KYC स्टेटस की जांच कर समय रहते जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि खाते के संचालन में संभावित परेशानी या खाता बंद होने के जोखिम से बचा जा सके।
