Swiggy Instamart से अब घर बैठे मिलेगा LPG सिलेंडर, HPCL के साथ शुरू की ऑन-डिमांड डिलीवरी
नई दिल्ली। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart ने अपने ग्राहकों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। कंपनी ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर अब ऐप के जरिए LPG गैस सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी शुरू करने की घोषणा की है। देश में यह पहली बार है जब किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने गैस सिलेंडर की तेज डिलीवरी के लिए तेल विपणन कंपनी के साथ साझेदारी की है।
फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत कर्नाटक के बेंगलुरु से की गई है। आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जा सकता है।
कौन-कौन से सिलेंडर मिलेंगे?
Instamart ऐप पर ग्राहक HPCL के दो तरह के LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। इनमें 10 किलोग्राम का HP नव्या कंपोजिट LPG सिलेंडर और 5 किलोग्राम का पारंपरिक मेटल LPG सिलेंडर शामिल है।
बिना पुराने गैस कनेक्शन के भी कर सकेंगे बुकिंग
इस सुविधा की खास बात यह है कि ग्राहक के पास पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। नए शहर में रहने आए लोग या तुरंत गैस सिलेंडर की जरूरत वाले ग्राहक भी Instamart ऐप के जरिए ऑर्डर कर सकेंगे।
पहली बार सिलेंडर खरीदने पर इसे नया कनेक्शन माना जाएगा। इस दौरान ग्राहक का पहचान सत्यापन किया जाएगा और डिलीवरी से जुड़े जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे।
ऐसे होगा रिफिल का पूरा प्रोसेस
रिफिल बुकिंग के समय ग्राहक को डिलीवरी के दौरान अपना खाली HPCL सिलेंडर डिलीवरी एजेंट को वापस करना होगा। इसके बाद ग्राहक को नया भरा हुआ सिलेंडर सौंप दिया जाएगा।
HP नव्या कंपोजिट सिलेंडर की खासियत
HPCL का HP नव्या कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर से काफी अलग है। इसका वजन सामान्य स्टील सिलेंडर की तुलना में कम होता है, जिससे इसे आसानी से उठाया और रखा जा सकता है।
इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण सिलेंडर में बची गैस बाहर से ही दिखाई देती है। इससे ग्राहक समय रहते रिफिल की योजना बना सकते हैं। इसके अलावा यह सिलेंडर जंगरोधी डिजाइन के साथ आता है।
क्या होता है कंपोजिट LPG सिलेंडर?
पारंपरिक LPG सिलेंडर स्टील या लोहे से बनाए जाते हैं, जबकि कंपोजिट सिलेंडर विशेष फाइबरग्लास की तीन परतों से तैयार किए जाते हैं। ये हल्के, मजबूत और जंगरोधी होते हैं। कम वजन और आधुनिक डिजाइन के कारण इन्हें शहरी घरों और छोटे परिवारों के लिए सुविधाजनक विकल्प माना जाता है।
