6000mAh बैटरी, 144Hz डिस्प्ले और 5G का दम, Ai+ ने लॉन्च किए दो नए बजट स्मार्टफोन
नई दिल्ली। भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड Ai+ ने देश में अपने दो नए बजट 5G स्मार्टफोन – Nova 2 Neo 5G और Nova 2 Pro 5G लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने इन डिवाइसेस को खासतौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है, जो फीचर फोन से स्मार्टफोन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। दोनों स्मार्टफोन बड़ी बैटरी, बड़ी डिस्प्ले और 5G कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स से लैस हैं।
Ai+ Nova 2 Neo 5G में 6.74 इंच की HD+ LCD डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 600 निट्स ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है, जिसके साथ 6GB तक रैम और 128GB स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए फोन में 48 मेगापिक्सल का Sony IMX582 रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। यह डिवाइस 6000mAh की बैटरी के साथ आता है, जो 18W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
वहीं, Ai+ Nova 2 Pro 5G में 6.9 इंच की FHD+ LCD डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 144Hz और ब्राइटनेस 800 निट्स तक है। फोन में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर, 8GB तक रैम और 128GB स्टोरेज का विकल्प मिलता है। इसकी स्टोरेज को भी 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
Nova 2 Pro 5G में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 13 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। इसके अलावा फोन में स्टीरियो स्पीकर, कस्टमाइजेबल रियर नोटिफिकेशन लाइट, साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, IP65 रेटिंग और 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ 6000mAh की बैटरी मिलती है।
दोनों स्मार्टफोन Android 16 आधारित कंपनी के कस्टम यूजर इंटरफेस NxtQuantum OS पर काम करते हैं।
कीमत की बात करें तो Ai+ Nova 2 Neo 5G के 4GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 12,999 रुपये और 6GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 13,999 रुपये रखी गई है। वहीं Nova 2 Pro 5G के 6GB + 128GB मॉडल की कीमत 15,999 रुपये और 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 17,999 रुपये है। लॉन्च ऑफर के तहत ग्राहकों को 1,000 रुपये तक का बैंक डिस्काउंट मिलेगा। दोनों स्मार्टफोन की बिक्री 26 जून से फ्लिपकार्ट पर शुरू होगी।
