Anthropic ने किया बड़ा ऐलान, अब भारत से बाहर नहीं जाएगा AI डेटा
Mumbai : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की अग्रणी कंपनी Anthropic ने भारत में अपने कारोबार का विस्तार करते हुए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि उसके Claude AI मॉडल अब Amazon Bedrock के भारतीय क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही AI मॉडल की प्रोसेसिंग भी भारत में ही होगी, जिसे In-Country Inference कहा जाता है।
इस पहल का सबसे बड़ा फायदा बैंकिंग, सरकारी एजेंसियों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों को मिलेगा, जहां डेटा सुरक्षा और कानूनी अनुपालन सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है।
भारत में ही रहेगा डेटा
नई व्यवस्था के तहत Claude AI मॉडल की प्रोसेसिंग भारतीय सर्वरों पर होगी। इससे उपयोगकर्ताओं का संवेदनशील डेटा देश की सीमाओं के भीतर ही सुरक्षित रहेगा और डेटा रेजिडेंसी से जुड़े नियमों का पालन करना आसान होगा। इससे सरकारी और विनियमित संस्थानों के लिए AI आधारित समाधान अपनाना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
AWS ने क्या कहा?
AWS इंडिया के अध्यक्ष संदीप दत्ता ने कहा कि Amazon Bedrock के माध्यम से Anthropic के Claude मॉडल अब भारत स्थित AWS इंफ्रास्ट्रक्चर पर उपलब्ध होंगे। इससे भारतीय संगठनों को सुरक्षित, तेज और स्थानीय AI सेवाओं का लाभ मिलेगा।
भारत बना AI का बड़ा बाजार
Anthropic के अनुसार, भारत Claude AI के लिए दुनिया के सबसे बड़े और तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल है। कंपनी ने बताया कि उसके Claude Partner Network के लिए सबसे अधिक पंजीकरण भारत से हुए हैं, जो स्थानीय स्तर पर एंटरप्राइज AI समाधानों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से भारत में AI आधारित नवाचार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सुरक्षा को नई गति मिलेगी, साथ ही बैंकिंग, हेल्थकेयर और सरकारी सेवाओं में AI का इस्तेमाल और तेज़ी से बढ़ेगा।
