Movie prime

Gmail में बड़ा बदलाव: अब बदल सकेंगे अपना यूजरनेम, Google ने लॉन्च किया नया फीचर
 

 
 Gmail में बड़ा बदलाव: अब बदल सकेंगे अपना यूजरनेम, Google ने लॉन्च किया नया फीचर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

दिग्गज टेक कंपनी Google ने अपने ईमेल प्लेटफॉर्म Gmail में एक बड़ा अपडेट पेश किया है। इस नए फीचर के तहत अब यूजर्स अपनी ईमेल आईडी का यूजरनेम (@gmail.com से पहले वाला हिस्सा) बदल सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा यूजर्स की डिजिटल पहचान को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

फिलहाल यह फीचर केवल अमेरिकी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे अन्य देशों में भी रोलआउट किया जा सकता है। यह उन लोगों के लिए खास राहत लेकर आया है जो अपने पुराने या अजीब यूजरनेम से परेशान थे।

Google के CEO Sundar Pichai ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “2004 एक अच्छा साल था, लेकिन आपका Gmail एड्रेस उसमें फंसा रहने की जरूरत नहीं है।” अब यूजर्स आसानी से अपने पुराने या शर्मिंदगी वाले ईमेल एड्रेस को बदल सकते हैं।

पुराना ईमेल रहेगा सुरक्षित

यूजरनेम बदलने के बाद भी आपका पुराना ईमेल एड्रेस डिलीट नहीं होगा। वह एक अल्टरनेट ईमेल के रूप में जुड़ा रहेगा। खास बात यह है कि पुराने और नए दोनों एड्रेस पर आने वाले मेल एक ही इनबॉक्स में मिलेंगे। इसके अलावा आपके पुराने ईमेल, गूगल ड्राइव की फाइल्स, फोटो और अन्य डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
यूजर्स पुराने या नए किसी भी ईमेल आईडी से गूगल की सेवाओं जैसे यूट्यूब, मैप्स और ड्राइव में लॉग-इन कर सकेंगे।

बदलाव से पहले रखें इन बातों का ध्यान

हालांकि ईमेल बदलना आसान है, लेकिन कंपनी ने कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
ईमेल बदलने पर कुछ ऐप्स की सेटिंग्स रीसेट हो सकती हैं, इसलिए जरूरी डेटा का बैकअप लेना जरूरी है। एंड्रॉइड यूजर्स को अपने कॉन्टैक्ट्स और फोटो का बैकअप रखना चाहिए। वहीं, क्रोम ब्राउजर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को सिंक सेटिंग्स दोबारा चेक करनी पड़ सकती हैं।

ऐसे बदलें Gmail यूजरनेम

यूजर्स को इसके लिए Google अकाउंट की सेटिंग्स में जाकर ‘Personal Info’ सेक्शन में जाना होगा। वहां ‘Email’ और फिर ‘Google Account Email’ पर क्लिक कर ‘Change Google Account Email’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद नया यूजरनेम डालकर कन्फर्म करना होगा।

सीमाएं भी तय

Google ने इस फीचर के साथ कुछ सीमाएं भी रखी हैं। यूजर्स साल में केवल एक बार ही अपना Gmail एड्रेस बदल सकेंगे। इसके अलावा, लाइफटाइम में अधिकतम तीन बार ही यूजरनेम बदलने की अनुमति होगी। हालांकि, यूजर्स चाहें तो पुराने ईमेल एड्रेस पर वापस भी स्विच कर सकते हैं।

यह नया फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए फायदेमंद साबित होगा, जो अपनी ऑनलाइन पहचान को प्रोफेशनल और अपडेटेड बनाना चाहते हैं।