Elon Musk के X ने लॉन्च किया नया AI फीचर, अब एक क्लिक में मिलेगी आर्टिकल की पूरी समरी
एक्स (formerly Twitter) ने अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक नया AI आधारित फीचर लॉन्च किया है। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा जो लंबी-लंबी खबरें पढ़ने में समय नहीं देना चाहते।
नए अपडेट के तहत अब यूजर्स को किसी भी आर्टिकल के नीचे ‘Summarise’ बटन दिखाई देगा। इस पर टैप करते ही आर्टिकल का पूरा कंटेंट छोटे और आसान पॉइंट्स में बदलकर सामने आ जाएगा। इससे यूजर्स को यह तय करने में आसानी होगी कि उन्हें पूरा आर्टिकल पढ़ना है या नहीं।
कंपनी के प्रोडक्ट हेड Nikita Bier ने इस फीचर की जानकारी खुद प्लेटफॉर्म पर साझा की। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का उद्देश्य कम समय में ज्यादा जानकारी देना है, खासकर उन यूजर्स के लिए जिनका ध्यान लंबे समय तक एक ही कंटेंट पर नहीं टिकता।
हालांकि, इस नए फीचर को लेकर यूजर्स की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही है। जहां कुछ लोगों को यह काफी उपयोगी लग रहा है और वे चाहते हैं कि समरी अपने आप दिखे, वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि इससे आर्टिकल पढ़ने का अनुभव प्रभावित हो सकता है, क्योंकि मुख्य जानकारी पहले ही सामने आ जाती है।
इससे पहले, 6 मार्च को X ने ‘Listen’ फीचर भी पेश किया था, जिसके जरिए यूजर्स आर्टिकल को पढ़ने के बजाय सुन सकते हैं। यह सुविधा Grok AI की वॉइस टेक्नोलॉजी पर आधारित है, जिससे यूजर स्क्रॉल करते समय या फोन लॉक होने पर भी कंटेंट सुन सकता है।
कंपनी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में X पर आर्टिकल फीचर की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है और यह प्लेटफॉर्म के सबसे तेजी से बढ़ते प्रोडक्ट्स में शामिल हो चुका है।
फिलहाल, यह नया AI Summarise फीचर केवल प्रीमियम यूजर्स के लिए उपलब्ध है। भारत में X Premium प्लान की कीमत करीब 427 रुपये प्रति माह है, जबकि Premium Plus प्लान के लिए 2,570 रुपये खर्च करने होते हैं। शुरुआती ऑफर के तहत इन प्लान्स पर पहले दो महीनों के लिए लगभग 50% तक की छूट भी दी जा रही है।
