गूगल ने लॉन्च किया Nano Banana 2, 4K इमेज और हाई-स्पीड प्रोसेसिंग के साथ AI जनरेशन में बड़ा अपग्रेड
टेक्नोलॉजी की दुनिया में इमेज जनरेशन को नया आयाम देते हुए गूगल ने अपना नया मॉडल Nano Banana 2 पेश कर दिया है। इसे जेमिनी 3.1 फ्लैश इमेज के नाम से भी जाना जा रहा है। इससे पहले अगस्त में लॉन्च हुआ Nano Banana तेजी से लोकप्रिय हुआ था, वहीं नवंबर में आए Nano Banana Pro ने स्टूडियो-क्वालिटी आउटपुट और बेहतर कंट्रोल की सुविधा दी थी। अब इन दोनों मॉडलों की खूबियों को मिलाकर कंपनी ने और अधिक शक्तिशाली व तेज़ वर्जन Nano Banana 2 लॉन्च किया है।
हाई-स्पीड प्रोसेसिंग सबसे बड़ी ताकत
Nano Banana 2 की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज प्रोसेसिंग है। अब यूज़र्स को इमेज जनरेट करने या एडिट करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मॉडल पहले से अधिक तेजी और सटीकता के साथ परिणाम देता है।
ग्राफिक्स डिजाइनिंग के लिए बेहतर रिसर्च सपोर्ट
यह मॉडल गूगल सर्च से जुड़ा हुआ है, जिससे यह वास्तविक दुनिया की जानकारी और वस्तुओं को इमेज में सटीक रूप से दिखा सकता है। यूज़र इससे डेटा चार्ट, इन्फोग्राफिक्स और रिसर्च आधारित विज़ुअल्स आसानी से तैयार कर सकते हैं।
सटीक टेक्स्ट रेंडरिंग और ट्रांसलेशन
अक्सर एआई द्वारा बनाई गई तस्वीरों में टेक्स्ट साफ नहीं दिखता, लेकिन Nano Banana 2 में टेक्स्ट रेंडरिंग काफी बेहतर की गई है। इमेज में लिखा हुआ शब्द स्पष्ट पढ़ा जा सकता है और जरूरत पड़ने पर उसे दूसरी भाषा में ट्रांसलेट भी किया जा सकता है।
किरदारों की समानता बनाए रखने की क्षमता
स्टोरीबोर्ड या कहानी आधारित प्रोजेक्ट्स के लिए यह मॉडल खास उपयोगी साबित होगा। यह एक ही इमेज में 5 अलग-अलग किरदारों और 14 वस्तुओं की शक्ल-सूरत को हर बार एक जैसा बनाए रखने में सक्षम है।
4K रेजोल्यूशन में इमेज जनरेशन
Nano Banana 2 अब 4K क्वालिटी में तस्वीरें तैयार कर सकता है। सोशल मीडिया पोस्ट, इन्फोग्राफिक्स या बड़े बैकड्रॉप के लिए हाई-रेजोल्यूशन इमेज बनाई जा सकती हैं। इसमें लाइटिंग, टेक्सचर और बारीक डिटेल्स पहले से ज्यादा बेहतर नजर आती हैं।
इन गूगल प्लेटफॉर्म्स पर मिलेगा सपोर्ट
गूगल अपने कई प्लेटफॉर्म्स पर Nano Banana 2 का सपोर्ट दे रहा है। इनमें Gemini ऐप, गूगल सर्च, गूगल एआई स्टूडियो, जेमिनी एपीआई, वर्टेक्स एआई, फ्लो और गूगल एड्स शामिल हैं। इससे ग्राफिक डिजाइनिंग, फोटो एडिटिंग और कंटेंट क्रिएशन का काम पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
