Movie prime

अब एक क्लिक में रुकेंगे बैंक खाते से पैसे! साइबर ठगी रोकने के लिए RBI ला रहा 'स्टॉप स्विच, जानें कैसे करेगा काम

 
...)
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन पेमेंट ने लोगों की जिंदगी आसान बना दी है, लेकिन इसके साथ साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। कभी फर्जी कॉल, कभी ओटीपी और कभी लिंक के जरिए साइबर अपराधी लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर देते हैं। कई बार पीड़ित को ठगी का पता तब चलता है, जब उसके बैंक खाते से पैसे निकल चुके होते हैं। इसी खतरे को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) डिजिटल बैंकिंग को और सुरक्षित बनाने की तैयारी कर रहा है।

 

आरबीआई ने ग्राहकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और अनधिकृत लेन-देन से बचाने के लिए 'स्टॉप स्विच' (Stop Switch) और 'ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म' (Trusted Person Mechanism) से जुड़े मसौदा प्रस्ताव पेश किए हैं। इनका मकसद है कि संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही ग्राहक अपने खाते से पैसे बाहर जाने पर रोक लगा सके। साथ ही, बड़े लेन-देन के मामले में किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी की व्यवस्था भी की जा सके।

 

क्या है बैंक खाते का 'स्टॉप स्विच'?

इसे बैंक खाते का इमरजेंसी ब्रेक कहा जा सकता है। मान लीजिए किसी ग्राहक को पता चलता है कि उसका मोबाइल बैंकिंग अकाउंट हैक हो गया है या वह किसी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकता है। ऐसी स्थिति में वह स्टॉप स्विच एक्टिवेट करके खाते से होने वाले पैसे के ट्रांसफर को रोक सकेगा।

एक क्लिक पर रुकेंगे आउटगोइंग ट्रांजैक्शन

स्टॉप स्विच चालू होते ही खाते से होने वाले आउटगोइंग डेबिट यानी पैसे बाहर जाने वाले लेन-देन पर रोक लग जाएगी। इसके अलावा नए डिजिटल पेमेंट, थर्ड-पार्टी UPI ऐप की लिंकिंग और नए ऑटो-डेबिट या स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन शुरू करने पर भी रोक लगाने का प्रस्ताव है।

कई माध्यमों से एक्टिवेट करने की सुविधा

ग्राहकों को यह सुविधा केवल मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं रखी जाएगी। प्रस्ताव के मुताबिक, वे मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम, बैंक शाखा या कस्टमर केयर के जरिए भी स्टॉप स्विच चालू कर सकेंगे। इससे फोन या इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध न होने पर भी ग्राहक अपने खाते की सुरक्षा के लिए कदम उठा सकेंगे।

ठगों के लिए इसे बंद करना नहीं होगा आसान

स्टॉप स्विच को चालू करना जितना आसान होगा, उसे दोबारा बंद करने की प्रक्रिया उतनी ही सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है। अक्सर आशंका रहती है कि अगर साइबर ठगों के हाथ ग्राहक का मोबाइल या बैंकिंग एक्सेस लग गया, तो वे खुद ही इस सुरक्षा फीचर को बंद कर सकते हैं।

इसी खतरे को रोकने के लिए आरबीआई ने इसमें मल्टी-लेवल वेरिफिकेशन का प्रस्ताव रखा है। यानी स्टॉप स्विच को डी-एक्टिवेट करने से पहले बैंक ग्राहक की पहचान के कई स्तरों पर जांच करेगा।

इसके अलावा, इसे बंद करने के लिए कूलिंग पीरियड यानी एक तय प्रतीक्षा अवधि भी रखी जाएगी। इसका मकसद यह है कि ठग जल्दबाजी में खाते से पैसे निकालने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को निष्क्रिय न कर सकें।

क्या है 'ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म'?

आरबीआई ने डिजिटल ठगी से बचाव के लिए एक और खास व्यवस्था का प्रस्ताव दिया है, जिसे 'ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म' कहा गया है। यह सुविधा खासतौर पर बुजुर्गों और डिजिटल बैंकिंग की कम जानकारी रखने वाले लोगों के लिए मददगार हो सकती है।

इसके तहत ग्राहक अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को भरोसेमंद व्यक्ति यानी ट्रस्टेड पर्सन के तौर पर नामित कर सकेंगे।

बड़ी रकम ट्रांसफर करने से पहले मिलेगी मंजूरी

इस व्यवस्था में ग्राहक अपने बैंक खाते से होने वाले बड़े ट्रांजैक्शन के लिए एक सीमा तय कर सकेगा। यदि इस सीमा से अधिक रकम NEFT या RTGS जैसे माध्यमों से ट्रांसफर की जाती है, तो नामित भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी सूचना भेजी जाएगी।

एक घंटे के भीतर देनी होगी मंजूरी

प्रस्ताव के मुताबिक, निर्धारित सीमा से अधिक के ट्रांसफर को पूरा करने के लिए भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होगी। इसके लिए उसे एक घंटे का समय दिया जाएगा। उसकी मंजूरी मिलने के बाद ही संबंधित लेन-देन आगे बढ़ सकेगा।

इससे उन मामलों में सुरक्षा मिल सकती है, जहां साइबर अपराधी बुजुर्गों या कम डिजिटल जानकारी रखने वाले लोगों को डराकर या बहलाकर बड़ी रकम ट्रांसफर करवाने की कोशिश करते हैं।

डिजिटल बैंकिंग को सुरक्षित बनाने की कोशिश

आरबीआई की इन दोनों प्रस्तावित व्यवस्थाओं का उद्देश्य ग्राहकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा देना है। स्टॉप स्विच के जरिए संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही खाते से पैसे बाहर जाने पर रोक लगाई जा सकेगी, जबकि ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म बड़े लेन-देन पर भरोसेमंद व्यक्ति की निगरानी सुनिश्चित करने में मदद करेगा।

अगर ये प्रस्ताव लागू होते हैं, तो डिजिटल बैंकिंग करने वाले करोड़ों ग्राहकों को सुरक्षा की एक अतिरिक्त सुविधा मिल सकती है।