OpenAI ने लॉन्च किया ChatGPT Work, अब AI करेगा घंटों तक काम, बनाएगा डॉक्यूमेंट, प्रेजेंटेशन और वेबसाइट
नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में OpenAI ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए ChatGPT Work नाम का नया AI एजेंट लॉन्च किया है। यह नया टूल सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे और जटिल प्रोजेक्ट्स पर घंटों तक काम कर सकता है। कंपनी के मुताबिक, ChatGPT Work डॉक्यूमेंट, स्प्रेडशीट, प्रेजेंटेशन और इंटरैक्टिव वेबसाइट्स जैसी पूरी तरह तैयार फाइलें भी बना सकता है।
OpenAI के लेटेस्ट GPT-5.6 और Codex मॉडल से लैस यह AI एजेंट यूजर्स के एप्स और फाइल्स पर खुद एक्शन लेने में सक्षम है। कंपनी का कहना है कि ChatGPT Work किसी लक्ष्य को समझकर उसे तैयार प्रोजेक्ट में बदल सकता है और पूरे वर्कफ्लो के दौरान एक जैसा कॉन्टेक्स्ट बनाए रखता है।
एक ही कमांड में पूरा वर्कफ्लो
ChatGPT Work की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यूजर एक ही रिक्वेस्ट में पूरे वर्कफ्लो की जिम्मेदारी इसे सौंप सकता है। उदाहरण के तौर पर, यह कस्टमर रिसर्च को मार्केटिंग कैंपेन ब्रीफ में बदल सकता है, उसी के आधार पर मार्केटिंग मटेरियल तैयार कर सकता है और अलग-अलग देशों या बाजारों के हिसाब से उसे कस्टमाइज भी कर सकता है।
रिपीट होने वाले काम होंगे ऑटोमेट
इस AI एजेंट में Scheduled Tasks का फीचर भी दिया गया है। इसकी मदद से रोजाना होने वाले दोहराए जाने वाले काम अपने आप पूरे किए जा सकते हैं। ChatGPT Work हर सुबह वेबसाइट्स से नई जानकारी जुटा सकता है, बदलावों का सार तैयार कर सकता है, नए फीडबैक के आधार पर प्रेजेंटेशन अपडेट कर सकता है और कस्टमर फीडबैक को प्रोडक्ट आइडियाज में बदल सकता है।
डेस्कटॉप पर करेगा क्लिक और टाइपिंग भी
OpenAI ने बताया कि ChatGPT Work के डेस्कटॉप वर्जन में इन-बिल्ट ब्राउजर दिया गया है, जो वेबसाइट्स और ऑनलाइन टूल्स से जानकारी इकट्ठा कर सकता है। इसके अलावा यह यूजर के कंप्यूटर पर बैकग्राउंड में क्लिक करना, टाइप करना, फाइल्स को मूव करना और अन्य जरूरी एक्शन भी कर सकता है।
Sites in ChatGPT' फीचर भी लॉन्च
कंपनी ने Sites in ChatGPT फीचर को पब्लिक बीटा में पेश किया है। इसके जरिए यूजर अपने काम को इंटरैक्टिव वेबसाइट या वेब ऐप में बदल सकते हैं और उसे दूसरों के साथ आसानी से शेयर भी कर सकते हैं।
फोन या कंप्यूटर से दूर रहने पर भी करेगा काम
OpenAI के अनुसार, यदि यूजर अपने कंप्यूटर या मोबाइल से दूर है, तब भी ChatGPT Work शेड्यूल्ड टास्क के जरिए प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रख सकता है। उदाहरण के लिए, यह Microsoft Teams और Slack पर आए नए मैसेज के आधार पर डॉक्यूमेंट या प्रेजेंटेशन अपडेट कर सकता है और जरूरी बदलाव टीम के साथ शेयर भी कर सकता है।
कब और किन यूजर्स को मिलेगा?
OpenAI ने ChatGPT Work को फिलहाल Pro, Enterprise और Edu यूजर्स के लिए वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर रोलआउट करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि आने वाले कुछ दिनों में यह Plus और Business यूजर्स के लिए भी उपलब्ध होगा। इसके साथ ही Mac और Windows के लिए नया ChatGPT डेस्कटॉप ऐप भी जारी किया गया है, जिसमें ChatGPT Work शामिल होगा। मौजूदा डेस्कटॉप ऐप को अब ChatGPT Classic के नाम से जाना जाएगा।
