WhatsApp का Smart Text Actions फीचर क्या है? फोन नंबर, ईमेल और पते पर ऐसे करेगा काम
WhatsApp का नया Smart Text Actions फीचर चैट में मौजूद फोन नंबर, तारीख, समय, ईमेल और लोकेशन को पहचानकर उनसे जुड़े विकल्प देगा। यूजर सीधे कॉल कर सकेंगे, कॉन्टैक्ट सेव कर सकेंगे और कैलेंडर में इवेंट जोड़ सकेंगे। जानिए यह फीचर कैसे काम करेगा और किन यूजर्स को मिलेगा।
WhatsApp का इस्तेमाल आज सिर्फ मैसेज भेजने और कॉल करने तक सीमित नहीं रह गया है। दोस्तों, परिवार और ऑफिस के ग्रुप में रोजाना कई ऐसी जानकारियां शेयर होती हैं, जिनकी जरूरत बाद में पड़ती है। कभी किसी का फोन नंबर मिलता है, तो कभी मीटिंग की तारीख, समय, ईमेल आईडी या किसी जगह का पता। ऐसी जानकारी का इस्तेमाल करने के लिए अब तक यूजर्स को अलग-अलग ऐप खोलने पड़ते थे, लेकिन WhatsApp इस काम को आसान बनाने की तैयारी कर रहा है।
कंपनी Smart Text Actions नाम का नया फीचर ला रही है। इसकी मदद से WhatsApp चैट में मौजूद जरूरी जानकारियों को पहचानकर उनसे जुड़े विकल्प सीधे उपलब्ध कराए जा सकेंगे। यानी किसी मैसेज में फोन नंबर, तारीख, समय, ईमेल एड्रेस या लोकेशन का पता होने पर यूजर को कई काम करने के लिए अलग-अलग ऐप में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है WhatsApp का Smart Text Actions फीचर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Smart Text Actions फीचर फिलहाल Android और iOS के कुछ चुनिंदा बीटा और लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके व्यापक लॉन्च की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
इस फीचर की खास बात यह है कि WhatsApp मैसेज में लिखी कुछ खास जानकारियों को अपने आप पहचान लेगा। ऐसी जानकारी वाले टेक्स्ट के नीचे डॉटेड लाइन दिखाई देगी। इस पर टैप करते ही उससे जुड़े अलग-अलग शॉर्टकट और एक्शन के विकल्प सामने आ जाएंगे।
फोन नंबर से लेकर ईमेल और लोकेशन तक, ऐसे करेगा काम
Smart Text Actions में मिलने वाले विकल्प इस बात पर निर्भर करेंगे कि मैसेज में किस तरह की जानकारी मौजूद है।
- फोन नंबर: चैट में कोई फोन नंबर मिलने पर उसे कॉपी करने, कॉन्टैक्ट में सेव करने या सीधे कॉल करने का विकल्प मिल सकता है।
- तारीख और समय : किसी मैसेज में मीटिंग या कार्यक्रम की तारीख और समय लिखा होने पर उसे कैलेंडर में जोड़ने, कॉपी करने या इवेंट बनाने का विकल्प मिलेगा।
- लोकेशन और पता:
- किसी जगह का पता शेयर किए जाने पर उसे मैप्स ऐप में खोलकर रास्ता देखा जा सकेगा।
- ईमेल आईडी: चैट में ईमेल एड्रेस मिलने पर उस पर टैप करके डिफॉल्ट ईमेल ऐप के जरिए सीधे मेल भेजा जा सकेगा।
भेजे और मिले, दोनों तरह के मैसेज में मिलेगा फायदा
इस फीचर की एक और खासियत यह है कि यह सिर्फ दूसरे लोगों के भेजे गए मैसेज तक सीमित नहीं रहेगा। रिपोर्ट के अनुसार, यूजर खुद जो मैसेज भेजेंगे, उनमें मौजूद फोन नंबर, तारीख, समय और अन्य जानकारियों को भी यह पहचान सकेगा।
किसी टेक्स्ट के नीचे दिखने वाली डॉटेड लाइन पर टैप करने से एक पॉप-अप मेन्यू खुलेगा। इसमें पहचानी गई जानकारी के साथ उससे जुड़े काम करने के विकल्प दिखाई देंगे।
यूजर्स दे सकेंगे अपना फीडबैक
WhatsApp इस फीचर को बेहतर बनाने के लिए यूजर्स से फीडबैक भी ले सकता है। किसी टेक्स्ट एक्शन का इस्तेमाल करने के बाद स्क्रीन के निचले हिस्से में फीडबैक का विकल्प दिखाई दे सकता है। इसके जरिए यूजर बता सकेंगे कि उन्हें दिया गया सुझाव उपयोगी लगा या नहीं।
हालांकि, जो यूजर्स इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, वे डॉटेड लाइन को नजरअंदाज कर सामान्य तरीके से चैट कर सकेंगे।
फिलहाल Smart Text Actions का रोलआउट धीरे-धीरे किया जा रहा है। ऐसे में सभी WhatsApp यूजर्स तक यह फीचर पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है।
