Movie prime

पाकिस्तान में गैस संकट इतना गहरा, अब गुब्बारों में भरकर चला रहे चूल्हा

 
पाकिस्तान में गैस संकट इतना गहरा, अब गुब्बारों में भरकर चला रहे चूल्हा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : यूएस और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब दुनियाभर में देखने को मिल रहा है। कच्चे तेल और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित होने से कई देशों में महंगाई बढ़ गई है। सबसे खराब स्थिति पाकिस्तान में नजर आ रही है, जहां गैस संकट इतना गहरा गया है कि लोग खाना बनाने के लिए प्लास्टिक के गुब्बारों में गैस भरकर इस्तेमाल करने को मजबूर हो गए हैं। 

कराची में गैस संकट से बिगड़े हालात

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, कराची के कई इलाकों में लंबे समय से गैस और बिजली की भारी किल्लत बनी हुई है। खासतौर पर ओरंगी टाउन के मोमिनाबाद इलाके में लोग एलपीजी की कमी से बेहद परेशान हैं। 

हालात ऐसे हो गए हैं कि जब कुछ देर के लिए गैस सप्लाई बहाल होती है, तो लोग खास प्लास्टिक गुब्बारों में गैस भरकर उसे पूरे दिन इस्तेमाल के लिए जमा कर लेते हैं। इन गुब्बारों की कीमत करीब 1000 से 1500 पाकिस्तानी रुपये बताई जा रही है। 

गुब्बारों में गैस भरकर चला रहे चूल्हा

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर बेहद महंगे हो चुके हैं और नियमित सप्लाई भी नहीं मिल रही। ऐसे में मजबूरी में लोग गुब्बारों में गैस स्टोर कर खाना पकाने का काम कर रहे हैं। 

गैस भरने के बाद गुब्बारे को पाइप से जोड़कर अस्थायी तौर पर घरेलू उपयोग में लाया जा रहा है. हालांकि यह तरीका बेहद खतरनाक माना जा रहा है। 

एक्सपर्ट्स ने बताया ‘चलता-फिरता बम’

सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस तरीके को बेहद जोखिम भरा बताया है। उनका कहना है कि प्लास्टिक गुब्बारों में गैस स्टोर करना किसी “चलते-फिरते बम” से कम नहीं है। विशेषज्ञों के मुताबिक मामूली घर्षण, गर्मी या आग के संपर्क में आने पर बड़ा विस्फोट हो सकता है। घनी आबादी वाले इलाकों में इससे भारी जनहानि का खतरा बना हुआ है। 

पाकिस्तान में आसमान छू रही LPG की कीमत

यूएस-ईरान संकट के बीच पाकिस्तान में एलपीजी की कीमतें भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। CEIC के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 में पाकिस्तान में 11.67 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 5215 पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गई है, जो आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है।