शेयर बाजार का 14 महीने पुराना रिकॉर्ड टूटा, निफ्टी-सेंसेक्स ऑल-टाइम हाई पर
नई दिल्ली I भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी 50 ने अपना नया ऑल-टाइम हाई बनाते हुए 26,295 का जादुई आंकड़ा छू लिया, जबकि बीएसई सेंसेक्स पहली बार 86,000 के पार पहुंच गया। सुबह 10:19 बजे तक निफ्टी 73 अंक (0.28%) चढ़कर 26,278 पर और सेंसेक्स 294 अंक (0.34%) की बढ़त के साथ 85,903 पर कारोबार कर रहा था।
बाजार के जानकारों का कहना है कि ऊपरी स्तरों पर थोड़ी प्रॉफिट बुकिंग के बावजूद बड़ा ट्रेंड पूरी तरह बुलिश बना हुआ है। निफ्टी का अगला रेजिस्टेंस जोन 26,350-26,450 के बीच है, जबकि 26,200-26,150 के बीच मजबूत सपोर्ट मौजूद है। अगर निफ्टी 26,300 के ऊपर लगातार क्लोजिंग देता है, तो शॉर्ट टर्म में नए रिकॉर्ड हाई का रास्ता और आसान हो जाएगा।
बैंक निफ्टी भी रिकॉर्ड स्तर पर
बैंकिंग सेक्टर में भी जोरदार खरीदारी देखी गई। बैंक निफ्टी ने आज 59,804.65 का नया रिकॉर्ड हाई बनाया। ICICI बैंक, HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, केनरा बैंक और IDFC फर्स्ट बैंक में अच्छी तेजी रही।
तेजी की बड़ी वजहें
- ग्लोबल मार्केट्स में मजबूत संकेत, खासकर एशियाई बाजार हरे निशान में
- अमेरिकी फेडरल रिजर्व से जल्द रेट कट की उम्मीद
- रूस-यूक्रेन शांति समझौते की बढ़ती संभावना से वैश्विक सेंटिमेंट बेहतर
- Q3 में बेहतर डिमांड और कैपेक्स ग्रोथ की उम्मीद
- RBI से भी दरों में कटौती की संभावना
