क्या दिवाली पर बंद हो जाएगी छोटे नोटों की सप्लाई? जानिए ₹10, ₹20 और ₹50 के नोटों पर वायरल दावे की सच्चाई
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी और नकदी की मांग बढ़ जाती है। इसी बीच WhatsApp पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि इस बार दिवाली पर ₹10, ₹20 और ₹50 के नए नोटों की कमी हो सकती है। मैसेज में लोगों को नकद भुगतान की जगह UPI और कार्ड का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई है।
हैरानी की बात यह है कि इस संदेश को असली दिखाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का लोगो, कथित सर्कुलर नंबर और गवर्नर के हस्ताक्षर तक इस्तेमाल किए गए हैं। हालांकि, PIB Fact Check ने इस दावे को फर्जी करार दिया है। यानी दिवाली पर छोटे नोटों की सप्लाई कम होने की खबर का कोई आधिकारिक आधार नहीं है।
*क्या है RBI के नाम से वायरल हो रहे मैसेज में दावा?*
सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे कथित सर्कुलर पर 27 अक्टूबर 2026 की तारीख लिखी है। इसका शीर्षक 'Important Advisory on Availability of Small Denomination Notes during Diwali' दिया गया है।
इसमें दावा किया गया है कि दिवाली के दौरान ₹10, ₹20 और ₹50 के नए नोटों की उपलब्धता कम हो सकती है। साथ ही यह भी कहा गया है कि छोटे नोटों की छपाई धीरे-धीरे घटाई जा रही है और देश को कम नकदी वाली अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
मैसेज में लोगों को सलाह दी गई है कि वे त्योहार के दौरान कैश की जगह डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल करें। RBI की आधिकारिक एडवाइजरी बताकर इसे तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
*PIB Fact Check ने क्या बताया?*
इस वायरल दावे की पड़ताल करते हुए PIB Fact Check ने स्पष्ट किया है कि RBI ने दिवाली से पहले ₹10, ₹20 और ₹50 के नोटों की कमी को लेकर ऐसी कोई घोषणा नहीं की है। छोटे नोटों की सप्लाई घटाने या उनकी छपाई बंद करने से जुड़ा दावा भी भ्रामक है।
इस तरह RBI के नाम पर वायरल किया जा रहा कथित सर्कुलर पूरी तरह फर्जी है। लोगों को सलाह दी गई है कि ऐसे संदेशों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए इन्हें किसी दूसरे व्यक्ति या ग्रुप में शेयर न करें।
कैसे पहचानें RBI के नाम से वायरल फर्जी मैसेज?
सोशल मीडिया पर कई बार फर्जी सूचनाओं को सरकारी आदेश या आधिकारिक एडवाइजरी का रूप देकर फैलाया जाता है। इनमें सरकारी विभागों के लोगो, अधिकारियों के नाम और हस्ताक्षर का इस्तेमाल भी किया जाता है।
ऐसे में किसी भी वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले RBI की आधिकारिक वेबसाइट और उसके सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी जांचें। सरकारी योजनाओं, आदेशों और वायरल दावों की पुष्टि के लिए PIB Fact Check की मदद भी ली जा सकती है।
दिवाली पर ₹10, ₹20 और ₹50 के नोटों की कमी होने का दावा फर्जी है। RBI की ओर से ऐसी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है। इसलिए अफवाहों से बचें और किसी भी जानकारी को आगे भेजने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
