रोडवेज-रेलवे स्टेशन के पास अव्यवस्था फैलाने वाली 10 महिलाएं हिरासत में, सिगरा पुलिस का अभियान
वाराणसी: शहर में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिगरा पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के आसपास अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 10 महिलाओं को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
अभियान में रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह, दरोगा दुर्गा प्रसाद, दरोगा प्रशांत बंधु और दरोगा जावेद अशरफ सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में गश्त की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं राहगीरों और श्रद्धालुओं को परेशान करने, अनावश्यक भीड़ जुटाने और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने में संलिप्त थीं।

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि इनकी गतिविधियों से आमजन को असुविधा हो रही थी और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। फिलहाल सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
