वाराणसी में बनेगा 100 एकड़ का सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र, युवाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर
वाराणसी। जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। जिला प्रशासन 100 एकड़ में सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। जमीन उपलब्ध होने के बाद आगामी 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं।
उद्योग विभाग के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में बनारसी साड़ी, हथकरघा, चमड़ा उद्योग, डेयरी और अन्य एमएसएमई आधारित इकाइयों को स्थापित किया जाएगा। निवेशकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार 1000, 2000 और 5000 वर्ग मीटर तक के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हो सकें और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।
इस परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद वाराणसी जिले में तीन प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र सक्रिय हो जाएंगे। वर्तमान में चांदपुर औद्योगिक आस्थान में 150 से अधिक छोटी-बड़ी इकाइयां संचालित हैं, जबकि करखियांव एग्रो पार्क में 142 इकाइयां कार्यरत हैं। इसके अलावा, वाराणसी से सटे चंदौली जिले के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 में 226 और फेज-2 में 228 इकाइयां स्थापित हैं, जो पूरे क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों की मजबूत आधारशिला मानी जाती हैं।
यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक एस.एम. पटेल ने बताया कि पुराने औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि की कमी के कारण नए उद्योग लगाने के इच्छुक सैकड़ों निवेशकों की फाइलें लंबित हैं। नए औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से निवेशकों को पर्याप्त जमीन उपलब्ध होगी और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
उपायुक्त उद्योग विभाग अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि वाराणसी में उद्योगों के विस्तार के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे न केवल नए उद्योग स्थापित होंगे बल्कि युवाओं के उद्यमी बनने के सपने को भी नया आधार मिलेगा।
