समाधान दिवस में पहुंचे 117 मामले, DM ने अफसरों को चेताया- जनता को न भटकाएं, हर शिकायत का समय करें निपटारा
वाराणसी। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के तहत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पिंडरा तहसील पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद एवं रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, आपूर्ति और वन विभाग समेत विभिन्न विभागों से जुड़े 117 मामले दर्ज हुए। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर सत्यापन कर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी प्राथमिक स्तर पर ही शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर डीसीपी गोमती नीतू कादयान, एसडीएम कुंदन राज कपूर सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
