Movie prime

वाराणसी में शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, कैंट स्टेशन-रोडवेज क्षेत्र से चुराए 15 मोबाइल बरामद
 

 
 वाराणसी में शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, कैंट स्टेशन-रोडवेज क्षेत्र से चुराए 15 मोबाइल बरामद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में यात्रियों व सैलानियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को सिगरा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें 13 महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तीन दिन पहले प्रयागराज निवासी सागर मिश्रा का मोबाइल फोन कैंट स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे चोरी हो गया था। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

इसी दौरान मालगोदाम रोड पर एक संदिग्ध युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान बलरामपुर जिले के हरैया निवासी मो. शमशाद के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैंट स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था। बाद में मजबूरी का हवाला देकर राहगीरों को सस्ते दामों में चोरी के मोबाइल बेच देता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 15 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया। साथ ही बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।