डंपर की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत, गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी की मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सरैया विशुनपुरा गांव में हुआ। मृतका की पहचान राजेश कुमार की पुत्री रोशनी के रूप में हुई है। वह श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे रोशनी घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी। वह सरैया विशुनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने पहुंची ही थी कि तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक और डंपर को कब्जे में ले लिया है।
इधर, रोशनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बावजूद विद्यालय की ओर से कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
इससे नाराज परिजन शव लेकर श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज के सामने पहुंच गए और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौबेपुर और चोलापुर पुलिस के अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
