Movie prime

लहरतारा में जनकल्याण शिविर में 18 विभागों ने लगाए स्टॉल, मंत्री रविंद्र जायसवाल ने दी योजनाओं की जानकारी

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जन कल्याण शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया।

शिविर में अलग-अलग सरकारी विभागों की ओर से कुल 18 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के जरिए लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र और अब तक योजनाओं से वंचित लोगों को लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही आवेदन भी करवाए गए।

एक ही जगह कई योजनाओं की सुविधा

जन कल्याण शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और आधार कार्ड समेत कई सरकारी सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और पात्रता के आधार पर योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। जांच के बाद जरूरत के मुताबिक लोगों को दवाएं वितरित की गईं।

बच्चों और महिलाओं के लिए भी कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने एक नौनिहाल का अन्नप्राशन कराया। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और बच्चों को फल वितरित किए गए। क्षेत्र में सेवाएं दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

इस दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से जन कल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता, संतोष गुप्ता समेत संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।