Movie prime

वाराणसी के 18 इंटर कॉलेजों को 28 करोड़ की सौगात, सोलर लाइट से लेकर स्मार्ट क्लास तक की होगी व्यवस्था

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के इंटर कॉलेजों में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने घोषणा की है कि क्षेत्र के 18 इंटर कॉलेजों में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना विकास के कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही जिन विद्यालयों में सोलर लाइट की व्यवस्था नहीं है, वहां विधायक निधि से 10 किलोवॉट क्षमता के सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे।

 

..

मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इंटर कॉलेजों के प्रबंधकों, प्राचार्यों और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से पहली बार एडेड विद्यालयों को कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

बैठक में बताया गया कि दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 18 विद्यालयों में 27.92 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों में विद्यालय भवनों की मरम्मत, नए निर्माण, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, ओपन जिम, ड्रेनेज व्यवस्था, रंग-रोगन तथा सोलर पैनल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर इसी वर्ष के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने विद्यालयों के रंग-रोगन को एक समान कराने पर भी जोर दिया, ताकि सभी संस्थानों की एक अलग और व्यवस्थित पहचान बन सके।

बैठक के दौरान आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त कक्षों की मांग भी रखी गई, जिस पर विधायक ने आवश्यक निर्माण कार्य कराने का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण और बेहतर होगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधक एवं प्राचार्य सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।