Movie prime

लहरतारा में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 22 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद

 
लहरतारा में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 22 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : स्वच्छ काशी, सुंदर काशी और प्लास्टिक मुक्त काशी अभियान के तहत नगर निगम ने सोमवार को लहरतारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। फुलवरिया गेट नंबर 5 के पास एक ट्रक से करीब 2200 किलो (22 क्विंटल) प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वाहन का चालान कर दिया।

कैसे पकड़ा गया मामला?

दोपहर के समय एक ट्रक प्रतिबंधित प्लास्टिक की बड़ी खेप लेकर फुलवरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर पहुंचा था। माल उतारने और किराए के भुगतान को लेकर ड्राइवर और ट्रांसपोर्टर के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला आसपास के लोगों और प्रशासन तक पहुंच गया।

घटना की सूचना मिलते ही अपर नगर आयुक्त संगम लाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जांच में ट्रक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक लदा हुआ पाया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक की खेप को जब्त कर लिया और लहरतारा पुलिस चौकी को सूचना दी।

पुलिस की कार्रवाई 

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसका चालान कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे शहर के किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।

नगर निगम का सख्त रुख  

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग या व्यापार में लिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस और नगर निगम की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।