Movie prime

काशी विद्यापीठ की 250 NSS छात्राओं ने बस्तियों में चलाया स्वच्छता अभियान

 
काशी विद्यापीठ की 250 NSS छात्राओं ने बस्तियों में चलाया स्वच्छता अभियान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वारा कबीर प्राकट्य स्थल, लहरतारा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन सोमवार को स्वयंसेविकाओं ने आसपास की बस्तियों में जाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।

शिविर के दौरान छात्राओं ने अपनी-अपनी टोलियों के साथ पसियाना मलिन बस्ती, हरिजन बस्ती, नई बस्ती, बौलिया और मिसिरपुरा के कई परिवारों से मुलाकात कर स्वच्छता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी एकत्रित की। इसके साथ ही लोगों को साफ-सफाई के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जागरूक किया गया।

सर्वे के बाद छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में भी भाग लिया। यह प्रतियोगिता स्वच्छता, नशा मुक्ति और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर आधारित थी, जिसमें छात्राओं ने अपने विचारों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

बौद्धिक सत्र की अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलानुशासक प्रो. के. के. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) छात्रों में नागरिक कर्तव्य की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, साक्षरता अभियान और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे सामुदायिक कार्यों के माध्यम से स्वयंसेवक यह समझते हैं कि वे केवल व्यक्ति नहीं बल्कि समाज के सक्रिय नागरिक भी हैं। समाज कार्य विभाग के डॉ अनिल कुमार ने कहा कि NSS का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक जागरूकता पैदा करना और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है।

कार्यक्रम का संचालन यशवि ने किया, जबकि सुचिता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। यह शिविर कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अनीता, डॉ. भारती कुरील, डॉ. अंजना वर्मा, डॉ. वीणा वादिनी और डॉ. एस. एंजेला के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। शिविर में करीब 250 स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया और समाज सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई।