Movie prime

वाराणसी सैनिक कार्यालय में मनाया गया 27वां कारगिल दिवस, शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में 27वां कारगिल विजय दिवस जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय वाराणसी में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का आयोजन ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे, वायु सेना मेडल (वीरता) (अवकाश प्राप्त) के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान जनपद के कारगिल योद्धाओं, पूर्व सैनिकों, सैनिक आश्रितों और कार्यालय कर्मचारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

.....

समारोह में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने शहीद सैनिकों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके साथ ही कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली, हवलदार अजय कुमार सिंह और वीर नारी प्रमिला देवी को सम्मानित करते हुए अंगवस्त्र भेंट किया गया।

कारगिल योद्धाओं ने साझा किए युद्ध के अनुभव

कार्यक्रम के दौरान कारगिल योद्धाओं ने युद्ध के समय के अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने भारतीय सेना के साहस, शौर्य और बलिदान को याद करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी भारतीय जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर उपस्थित सैनिकों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने तथा वीर सैनिकों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण

कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे की उपस्थिति में कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

150 से अधिक पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे ने कारगिल युद्ध के गौरवपूर्ण इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान भारतीय सेना के तीनों अंगों ने जिस वीरता और साहस का परिचय दिया, वह हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में मौजूद लगभग 150 पूर्व सैनिकों और सैनिक आश्रितों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।