मीरजापुर में 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएन्सी रेस एवं शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, 7 जिलों की टीमें मैदान में
Mirzapur : वाराणसी जोन की 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएन्सी रेस एवं शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को मीरजापुर में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने 39वीं वाहिनी पीएसी परिसर में फीता काटकर किया।
चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 4 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी जनपदों के टीम कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
इस प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सात जनपदों — मीरजापुर, भदोही, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी एलार्म एफिसिएन्सी रेस और शूटिंग सहित विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

इस अवसर पर 39वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक नेपाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह, डिप्टी कमांडेंट देवेंद्र सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट दिनेश कुमार यादव, एसआईएपी त्रिभुवन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
