चांदपुर में शुरू हुआ 2 दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम, स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा नया बाजार
चांदपुर। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार से चांदपुर में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए 50 आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर काशी की विश्व प्रसिद्ध लकड़ी के खिलौने, मशीनों के स्पेयर पार्ट्स, डिजाइनर मोमबत्तियां, कपड़े से बने सजावटी सामान, पैकेजिंग सामग्री सहित कई स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छोटे-मध्यम उद्यमियों और कारीगरों को बड़ी राष्ट्रीय कंपनियों से सीधा संपर्क उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें नए बाजार और ऑर्डर मिल सकें। कार्यक्रम में सिडबी, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), गेल इंडिया, ईसीजीसी समेत 12 बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां सक्रिय रूप से हिस्सा ले रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान युवा उद्यमियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। इसी क्रम में 98 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) वितरित किए गए। MSME विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम से स्थानीय उद्यमी बड़ी कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) में शामिल हो सकेंगे, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और मेक इन इंडिया अभियान को और मजबूती मिलेगी।
