Movie prime

बिरला हॉस्टल के पास फायरिंग करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 25-25 हजार का था ईनाम

 
varanasi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बीएचयू के बिरला हॉस्टल के पास हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का आखिरकार लंका पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में शामिल तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयूष तिवारी, ऋषभ राय और तपस राय के रूप में हुई है। ये तीनों कैमूर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

25-25 हजार के इनामी थे आरोपी

पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। घटना के बाद से ही ये फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।

21 फरवरी को हुई थी फायरिंग की वारदात

गौरतलब है कि 21 फरवरी को बीएचयू परिसर स्थित बिरला हॉस्टल के पास फायरिंग की घटना हुई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

जांच के दौरान सामने आया कि यह फायरिंग आपसी रंजिश के चलते की गई थी। घटना के तुरंत बाद लंका थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है, जिसे घटना में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है और इससे इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।