मुगलसराय में मकान तोड़ते समय भरभरा कर गिरी दीवार, वाराणसी के 3 मजदूर मलबे में दबे, एक की मौत
मुगलसराय थाना क्षेत्र के मुख्य नगर में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जीटी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य की जद में आए एक पुराने मकान को तोड़ते समय 15 इंच मोटी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सड़क निर्माण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार जीटी रोड चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़क किनारे स्थित कई भवनों को हटाया जा रहा है। इसी क्रम में ‘पंजाब वस्त्रालय’ से जुड़े भवन के ध्वस्तीकरण का कार्य ठेके पर मजदूरों द्वारा कराया जा रहा था। शनिवार देर रात भी मजदूर मलबा हटाने और दीवार तोड़ने के काम में लगे हुए थे।
रात करीब 12:20 बजे अचानक एक पुरानी और भारी-भरकम 15 इंच मोटी दीवार मजदूरों के ऊपर गिर गई। दीवार गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई और काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल
हादसे में बजरडीहा (वाराणसी) निवासी मुहम्मद अली (24 वर्ष) मलबे में दब गए। उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। वहीं सद्दाम हुसैन (18 वर्ष) घायल हो गए, जिनका उपचार कराया गया। तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया।
मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए चला रेस्क्यू
दीवार गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद दो मजदूरों को बाहर निकाला गया। कुछ समय तक एक मजदूर भारी मलबे के नीचे दबा रहा, जिसके लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया गया।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मौके पर उपजिलाधिकारी राजीव सक्सेना, थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और पुलिस बल पहुंच गया। अधिकारियों ने मौके पर खड़े होकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और मलबा हटाने का कार्य कराया गया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दीवार अचानक गिरने की वजह क्या रही।
