Movie prime

गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा, 5-6 बार पलटी थार, दो सगे भाइयों समेत 4 की मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में हुआ, जहां करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थार अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। सभी मृतक बदायूं के रहने वाले थे और दिल्ली जा रहे थे।

5-6 बार पलटी थार, उड़ गए परखच्चे

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात करीब 11:56 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार थार अचानक डगमगाने लगी और देखते ही देखते 5-6 बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसकी छत टूटकर अलग हो गई, जबकि बोनट पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक, डायल-112 पर हादसे की सूचना मिलने के बाद सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त थार का नंबर DL 8C BL 9822 बताया गया है। सभी घायलों को सीएचसी सिखेड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान पालपुर निवासी जोगिंदर (26), मेवली निवासी सगे भाई सुखबीर (25) और जसवंत (20) तथा पुरदलपुर निवासी रवि (20) के रूप में हुई है। वहीं पालपुर निवासी विष्णु (17) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, रवि और जोगिंदर आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे, जबकि घायल विष्णु उनका चचेरा भाई बताया जा रहा है।

रात 9 बजे घर से निकले थे

परिजनों के मुताबिक, सभी लोग रविवार रात करीब 9 बजे घर से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। जोगिंदर खेती-किसानी करते थे और थार उन्हीं की थी। रवि दिल्ली में नौकरी करता था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी दिल्ली में प्लास्टिक-पॉलिएस्टर बनाने का काम करते थे। मृतक सुखबीर शादीशुदा थे, जबकि बाकी युवकों की शादी नहीं हुई थी।

थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।