पैकेटबंद केक खाने और कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वाराणसी लौट रहीं 4 छात्राएं बेहोश, डॉक्टर ने बताए फूड पॉइजनिंग के लक्षण
औरैया। आगरा, मथुरा और वृंदावन के शैक्षिक भ्रमण से वाराणसी लौट रहीं चार छात्राओं की रविवार तड़के बस में तबीयत बिगड़ गई। चारों बेहोश हो गईं। औरैया में अनंतराम टोल प्लाजा के पास बस रोककर पुलिस की मदद से छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया गया। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्हें छुट्टी दे दी गई।
वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक के शिवरामपुर स्थित राजेंद्र पटेल मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल का दल 11 नवंबर को शैक्षिक भ्रमण पर रवाना हुआ था। बस में 41 छात्र-छात्राओं समेत कुल 50 लोग सवार थे। आगरा, मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल के भ्रमण के बाद दल शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वाराणसी के लिए निकला था।
प्रधानाध्यापक मनीष पटेल के मुताबिक, वापसी के दौरान मथुरा रिफाइनरी के पास एक पेट्रोल पंप पर बस में डीजल भरवाया गया। वहां कुछ बच्चों ने कैंटीन से केक और कोल्ड ड्रिंक खरीदी थी। अजीतमल सीएचसी के डॉ. ए.के. गुप्ता के अनुसार, छात्राओं में फूड पॉइजनिंग के लक्षण थे। हालांकि, किस खाद्य या पेय पदार्थ से उनकी तबीयत बिगड़ी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
विद्यालय प्रबंधक प्रेमचंद्र सिंह ने पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। अजीतमल कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा के मुताबिक, छात्राओं के इलाज के बाद बस रविवार सुबह करीब चार बजे वाराणसी के लिए रवाना हुई।
