युवाओं ने संभाली सफाई की कमान, गंगा घाटों से हटाया 439 किलो प्लास्टिक कचरा
Varanasi : विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर शहर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। स्वच्छांजलि कूड़ा बाजार फाउंडेशन की ओर से “प्लोगेथॉन 3.0” का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन अजंता शूज़, एडमायबिन, सनबीम सनसिटी, इतिहास एली कैफे, चेतमनी एवं बनारस पोशाक के सहयोग से किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा तट की सफाई, प्लास्टिक कचरे को कम करना और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना था।
इस प्लोगेथॉन में करीब 600 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और गंगा किनारे प्लॉगिंग करते हुए कुल 439 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया। प्रतिभागियों ने फिटनेस और स्वच्छता को एक साथ जोड़ते हुए समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसीपी विदुष सक्सेना रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस तरह के अभियानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
संस्था के संस्थापक गौरव मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि पृथ्वी को स्वच्छ और सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं और इस तरह के अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में मददगार साबित होते हैं।
यह आयोजन न सिर्फ गंगा की स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी सफल रहा।
