वाराणसी के शिवपुर में मूर्ति विसर्जन के दौरान शोभयात्रा पर पथराव, 5 घायल
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सरस्वती प्रतिमा की शोभायात्रा के दौरान अफरा-तफरी मच गई। गिलट बाजार से भोजूवीर की ओर जा रही शोभायात्रा पर गिलट बाजार इलाके में अचानक पथराव की घटना सामने आई, जिसमें शोभायात्रा में शामिल चार लोग घायल हो गए। इस दौरान प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डीजे की धुन और जयघोष के बीच शोभायात्रा आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक पत्थर चलने लगे। घटना से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद एहतियात के तौर पर गिलट बाजार में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
घायल श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। शोभायात्रा में करीब 300 श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं भी मौजूद थीं।
घटना को लेकर शोभायात्रा में शामिल मनीष सोनकर ने बताया कि वे लोग शांतिपूर्वक आगे बढ़ रहे थे, तभी कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। वहीं धर्मेंद्र नामक युवक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पहले से लाठी-डंडों के साथ मौजूद थे और बाद में गली से पत्थर व ईंटें फेंकी गईं। उन्होंने पुलिस को शिकायत देने की बात कही है।
इस मामले में एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन का जुलूस शिवपुर में समाप्त होना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और घटना आपसी झगड़े का परिणाम है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने शराब का सेवन किया हुआ था, जिससे स्थिति बिगड़ी। फिलहाल प्रतिमा विसर्जन के बाद तहरीर लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
