नगर निगम की सख्ती: विशेश्वरगंज की 5 दुकानें सील, 35 लाख से अधिक किराया बकाया
वाराणसी I नगर निगम वाराणसी ने राजस्व वसूली अभियान को और तेज कर दिया है। गृहकर, जलकर के साथ-साथ निगम की दुकानों के बकाया किराए की वसूली के लिए सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विशेश्वरगंज बाजार में पांच दुकानों को सील कर दिया गया, जिससे पूरे मार्केट परिसर में हड़कंप मच गया है।
नगर निगम ने पिछले दिनों करीब 600 दुकानदारों को बकाया किराया जमा करने के लिए नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा किराया जमा करने में हीलाहवाली की जा रही थी। इसे देखते हुए निगम ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि दुकानदारों को कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन फिर भी बकाया नहीं चुकाया गया। इसलिए अब आवंटन निरस्त करने तक की चेतावनी दी जा रही है। नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान नंबर 4 व 5, 222 व 23 तथा दुकान नंबर 113 (अ) को सील किया। इन दुकानों पर कुल 35 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया है।
निगम की इस कार्रवाई से बाजार में दुकानदारों में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के भीतर बकाया किराया जमा नहीं करने पर आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिसमें दुकान आवंटन रद्द करना भी शामिल है।
