Movie prime

76 दिवसीय वार्ड प्रवास के 50 दिन पूरे, 3500 परिवारों से मिले विधायकनीलकंठ तिवारी, सुनीं 300 से ज्यादा शिकायतें

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। 19 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के 50 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के 24 वार्डों का कम से कम दो बार दौरा कर करीब 3500 परिवारों से सीधे संवाद किया और स्थानीय समस्याओं को मौके पर समझने की कोशिश की।

..

वार्ड प्रवास के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहते हैं। यही वजह है कि लोगों की ओर से सामने आने वाली कई समस्याओं पर मौके से ही कार्रवाई शुरू कराई जा रही है।

50 दिनों में 50 से ज्यादा जनचौपाल

अभियान के दौरान अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में 50 से अधिक जनचौपाल आयोजित की गईं। इन बैठकों में लोगों ने पेयजल, सीवर, नाली, टूटी पटिया, मैनहोल, पानी की पाइपलाइन और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं।

अब तक करीब 300 छोटी-बड़ी शिकायतों के समाधान का प्रयास किया गया है। जिन समस्याओं के लिए बड़े बजट या अतिरिक्त कार्य की जरूरत है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई है। जरूरत के अनुसार विधायक निधि से कार्य कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

सफाई और हरियाली पर भी जोर

वार्ड प्रवास के दौरान जनसमस्याओं के साथ स्वच्छता और पर्यावरण को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया गया है। तय मार्गों पर सफाई अभियान चलाने के साथ लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सड़क या गलियों में मलबा और कूड़ा मिलने पर उसे हटाने की कार्रवाई भी कराई जा रही है।

इसके अलावा हर दिन पांच पौधे लगाने का अभियान चल रहा है। 50 दिनों में करीब 250 पौधे लगाए जा चुके हैं।

ईश्वरगंगी वार्ड में पहुंचे विधायक

वार्ड प्रवास के 50वें दिन रविवार को डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ईश्वरगंगी वार्ड का दौरा किया। यहां उन्होंने सफाई अभियान में हिस्सा लिया और विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।

दौरे के दौरान कई जगह खराब पड़ी गली की पटिया को ठीक कराया गया। सीवर से जुड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आने वाले त्योहारों को देखते हुए विधायक ने नगर निगम के अधिकारियों से मंदिरों तक जाने वाले रास्तों की विशेष सफाई और मरम्मत कराने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

हर वार्ड तक पहुंचने का लक्ष्य

दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में कुल 24 वार्ड हैं और 50 दिनों के भीतर सभी वार्डों में कम से कम दो बार भ्रमण किया जा चुका है। इस दौरान खराब सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन, टूटी पटिया, खराब मैनहोल और उसके ढक्कन, गली पिट और जलापूर्ति जैसी समस्याओं को चिन्हित किया गया।

वार्ड प्रवास में स्थानीय पार्षदों, मंडल अध्यक्षों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों के साथ नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारी भी लगातार शामिल हो रहे हैं।

इस 76 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के हर वार्ड तक पहुंचना, लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर उनका समाधान कराना है। साथ ही स्वच्छता, हरियाली और बुनियादी जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।