Movie prime

50 दिन की मेहनत, 25 हजार की कृति… पीएम मोदी के लिए काशी के बुनकर ने तैयार किया खास तोहफा
 

 
 50 दिन की मेहनत, 25 हजार की कृति… पीएम मोदी के लिए काशी के बुनकर ने तैयार किया खास तोहफा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें भेंट करने के लिए काशी के एक बुनकर ने अनोखा तोहफा तैयार किया है। बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने रेशमी धागों से पीएम मोदी की दिवंगत मां हीराबेन की ऐसी जीवंत छवि उकेरी है, जिसमें वह अपने पुत्र नरेंद्र मोदी के सिर पर हाथ रखकर स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देती नजर आ रही हैं।

सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर कतान के धागों से यह विशेष वॉल हैंगिंग तैयार की है। बुनकर के अनुसार, यह कलाकृति त्रेतायुग यानी भगवान श्रीराम के काल की पारंपरिक हस्तशिल्प शैली ‘उचंद कला’ से प्रेरित है। इसी शैली को उन्होंने साड़ी पर भी उकेरा है।

उन्होंने बताया कि इस वॉल हैंगिंग को तैयार करने में करीब 50 दिन लगे। खास बात यह है कि इसे बनाने में किसी मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया, बल्कि केवल हथकरघे और हाथों की कारीगरी से इसे तैयार किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये है।

सर्वेश के मुताबिक, इस अनोखी कृति को देखने के बाद ऐसी अन्य कलाकृतियों के लिए ऑर्डर भी आने शुरू हो गए हैं। इससे पहले वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनारसी साड़ी भेंट कर चुके हैं।

इसके अलावा, सर्वेश ने अयोध्या राम मंदिर की थीम पर आधारित विशेष साड़ियां और विश्व कप के दौरान खिलाड़ियों के सम्मान में क्रिकेट थीम वाली साड़ियां भी तैयार की हैं। उनकी यह कारीगरी काशी की समृद्ध बुनकरी परंपरा और हथकरघा कला की विशिष्ट पहचान को दर्शाती है।