मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 53 जोड़े बने हमसफर, मुस्लिम जोड़े का भी हुआ निकाह
वाराणसी: वाराणसी के हरहुआ विकासखंड परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भ्रमर और मंगलगीतों के बीच खुशियों का रंगारंग समारोह आयोजित हुआ। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 57 जोड़ों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 53 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जबकि सभईपुर ग्राम पंचायत के एक मुस्लिम जोड़े का परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ निकाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य रहीं। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह किट, प्रमाणपत्र और आवश्यक घरेलू सामग्री वितरित की। पूनम मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार गरीब एवं असहाय परिवारों के लिए लगातार कल्याणकारी योजनाएं चलाकर उनके सपनों को संबल देने का कार्य कर रही है।

समारोह की अध्यक्षता बीडीओ हरहुआ बद्री प्रसाद वर्मा ने की। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय, शैलेंद्र सिंह, रवि सिंह यादव सहित कई अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जयप्रकाश भारती ने किया।
समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक हिंदू अनुष्ठानों से हुई। वहीं, मुस्लिम जोड़े का निकाह कुरानी रीति से संपन्न हुआ, जो कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द और समरसता की सुंदर मिसाल पेश करता नजर आया।
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ₹60,000 की आर्थिक सहायता, घरेलू उपयोग की सामग्री और आशीर्वाद के रूप में अन्य उपहार प्रदान किए गए। गरीब परिवारों के लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं रही, जिससे उनके घरों में खुशियों का माहौल छा गया।

स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस योजना की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल गरीब परिवारों की आर्थिक बोझ कम करती है, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और आपसी सौहार्द को भी बढ़ावा देती है।
कार्यक्रम के अंत में पूरे परिसर में उत्साह, खुशी और उमंग का माहौल देखने को मिला, जहाँ नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर नई जिंदगी की शुरुआत का उल्लास साफ झलक रहा था।
