Movie prime

अधिवक्ता के घर में घुसकर 60–70 लोगों पर तोड़फोड़ व मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से जांच तेज
 

 
 अधिवक्ता के घर में घुसकर 60–70 लोगों पर तोड़फोड़ व मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से जांच तेज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर इलाके में एक अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और उत्पात मचाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रानीपुर निवासी अधिवक्ता विशाल नारायण सिंह ने आरोप लगाया है कि सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और पहले मुख्य द्वार का ताला तोड़कर जबरन अंदर घुस गए। इसके बाद आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, ईंट-पत्थर चलाए और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की।

आरोप है कि हमलावरों ने घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे पूरे परिवार में दहशत फैल गई। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में बंशी, रवि, सुनील, राजेश सेठ, जालपा देवी, अनिल, जीत, कन्हैया और रामलखन सहित 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।