BLW में 67वीं अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज, 13 रेलवे टीमें दिखाएंगी दम, अर्जुन यादव ने जीता उद्घाटन मुकाबला
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार, 29 सितंबर से 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का आगाज हो गया। बरेका कुश्ती केंद्र में आयोजित उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी।

इस मौके पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन के बाद बरेका के पहलवान अर्जुन यादव और उत्तर रेलवे के दिनेश के बीच पहला मुकाबला हुआ। महाप्रबंधक ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाकर मुकाबले की शुरुआत कराई। फ्री स्टाइल के 69 किलोग्राम भार वर्ग में अर्जुन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की कुल 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, बरेका, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे शामिल हैं।

कुश्ती प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल के 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 और 125 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले हो रहे हैं। वहीं ग्रीको-रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किलोग्राम भार वर्ग के पहलवान आमने-सामने हैं। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न भार वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के लिए मुकाबले खेले जा रहे हैं।
पहलवानों के दमदार दांव-पेच और शानदार प्रदर्शन से बरेका कुश्ती केंद्र में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवान भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारी, खेलकूद संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
