Movie prime

वाराणसी रोजगार मेले में 68 युवाओं को मिली नौकरी, ऑफर लेटर मिलते ही खुशी से खिल उठे चेहरे

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया।

रोजगार मेले में 292 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के बाद 68 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर दिया गया। चयन की सूचना मिलते ही युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर सहायक निदेशक (सेवायोजन) वाराणसी मंडल मुकेश कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी कंपनी में कार्य करते समय ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यही गुण भविष्य में बेहतर करियर की नींव बनते हैं।

वहीं, रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने युवाओं से तकनीकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में तकनीकी दक्षता सफलता की कुंजी है। साथ ही जिस संस्था में कार्य करें, उसके प्रति कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार रहें।

रोजगार मेले में हिंडाल्को (सोनभद्र), टाटा स्ट्राइव (Tata STRIVE), ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक समेत कुल 6 कंपनियों ने भाग लिया और योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें नौकरी के अवसर प्रदान किए। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।