Movie prime

BLW में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह: महाप्रबंधक ने फहराया तिरंगा, उत्पादन लक्ष्य से अधिक लोको बनाने का संकल्प
 

 
 BLW में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह: महाप्रबंधक ने फहराया तिरंगा, उत्पादन लक्ष्य से अधिक लोको बनाने का संकल्प
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय गान के साथ परेड की सलामी ली गई।

महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, बरेका इंटर कॉलेज स्काउट्स एवं गाइड्स तथा कब-बुलबुल की टुकड़ियों की अनुशासित और आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। परेड देखते ही बनती थी और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत थी।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया और सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बरेका की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बरेका अत्याधुनिक तकनीक, श्रेष्ठ गुणवत्ता और नवाचार के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में 477 रेल इंजनों का निर्माण कर रिकॉर्ड बनाया गया, और इस वर्ष 570 के लक्ष्य से अधिक लोकोमोटिव उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित करने का विश्वास जताया।

बरेका अब तक 11,000 से अधिक रेल इंजन बना चुका है और 170 से ज्यादा लोकोमोटिव विभिन्न देशों को निर्यात किए हैं। वर्तमान में मोज़ाम्बिक रेलवे को 10 अत्याधुनिक डीजल लोकोमोटिव निर्यात किए जा रहे हैं। लोकोमोटिव में क्रू फ्रेंडली फीचर्स जैसे वाटरलेस यूरिनल, CLI सीट, सिग्नल एक्सचेंज लाइट, DPWCS और 'कवच' जैसी सुरक्षा उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिसके कारण उत्पादन इकाई में सर्वश्रेष्ठ लोको कैब का प्रथम पुरस्कार मिला है।

इसके अलावा, अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव में इलेक्ट्रिक वाइपर्स, 3D एडजस्टेबल ड्राइवर सीट्स और एकॉस्टिक कैब इंसुलेशन जैसी उन्नत तकनीक शामिल की गई है। वर्ष 2025 में ऊर्जा संरक्षण में 17.82% की बचत, सौर ऊर्जा उत्पादन में 5.78% वृद्धि और 1.61 करोड़ रुपये की आर्थिक बचत दर्ज की गई।

समाजिक क्षेत्र में 'चेतना विद्यालय' का आधुनिकीकरण, दिव्यांग बच्चों के लिए स्पीच थेरेपी कक्ष, शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। राजभाषा में लगातार तीसरे वर्ष रेल मंत्री राजभाषा शील्ड मिली। बाल निकेतन स्कूल को शून्य प्लस लेबलिंग प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। पर्यावरण संरक्षण में 4500 वृक्षारोपण और 39 डीप रिचार्ज बोरवेल बनाए गए, जिसके लिए जल प्रहरी पुरस्कार मिला।

संबोधन के बाद दिव्यांग कर्मचारियों को सहायता उपकरण वितरित किए गए। आरपीएफ का रोमांचक डॉग शो, संगीत महाविद्यालय के समूह गान और बरेका सांस्कृतिक संस्था के देशभक्ति गीतों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। चेतना प्रशिक्षण केंद्र, बाल निकेतन स्कूल, सेंट जॉन्स स्कूल और बरेका इंटर कॉलेज के छात्रों तथा स्काउट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के सामूहिक गान से हुआ। उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मोनिका श्रीवास्तव और बड़ी संख्या में कर्मचारी व परिवारजन शामिल रहे।

कार्यक्रम के बाद महाप्रबंधक केंद्रीय चिकित्सालय पहुंचे, रोगियों से मिले, उपहार वितरित किए और अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया। श्रीमती मोनिका श्रीवास्तव एवं अन्य सदस्याओं ने भी रोगियों से मुलाकात की।

कार्यक्रम का संचालन आरपीएफ निरीक्षक के.के. सिंह एवं श्रीमती शैलेन्द्री ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने दिया।