Movie prime

वाराणसी-आजमगढ़ राजमार्ग पर स्कूली बस पलटी, 9 वर्षीय छात्र की मौत; कई बच्चे घायल
 

 
 वाराणसी-आजमगढ़ राजमार्ग पर स्कूली बस पलटी, 9 वर्षीय छात्र की मौत; कई बच्चे घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए, जबकि एक 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में मातम छा गया।

बसही मोड़ तिराहे के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जामिया फैजेआम, देवगांव की स्कूल बस रोज की तरह छात्रों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसही मोड़ तिराहे के पास किसी कारणवश चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में बैठे छात्र संभल नहीं सके और कई बच्चे घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत कार्य

बस पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

9 वर्षीय छात्र की मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र की पहचान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बनारसपुर गांव निवासी 9 वर्षीय युनूस बेलाल खान के रूप में हुई। उसे तत्काल उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सड़क से हटवाया। वहीं, अन्य घायल बच्चों का स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूपेश पांडेय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुई।