भदोही में नो-बॉल के विवाद ने ली मासूम की जान, क्रिकेट बैट से हमले में 12 वर्षीय छात्र की मौत
भदोही। जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान नो-बॉल को लेकर हुआ मामूली विवाद एक मासूम की मौत का कारण बन गया। क्रिकेट बैट से हुए हमले में 12 वर्षीय छात्र आदित्य गौतम की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो नाबालिग छात्र क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान नो-बॉल को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कक्षा आठ में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ने कक्षा चार के छात्र आदित्य गौतम के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया।
हमले में आदित्य के सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर दुर्गागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
