14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म... सार्वजनिक शौचालय में वारदात को दिया अंजाम; आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रविवार को परिजनों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति किशोरी को जबरन सार्वजनिक शौचालय में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों की गैरमौजूदगी में हुई वारदात
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे देवली गली निवासी दुलारे अंसारी ने उनकी 14 वर्षीय बेटी को जबरन सार्वजनिक शौचालय में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। पीड़िता ने घर लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पिता ने चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल
शिकायत मिलने के बाद चौक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दुलारे अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है।
चौक थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
