Movie prime

वाराणसी के अखाड़े में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से 23 वर्षीय पहलवान की मौत

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: चौक थाना क्षेत्र स्थित एक अखाड़े में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पहलवानी का अभ्यास करने पहुंचे 23 वर्षीय युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान बड़ी पियरी निवासी हर्ष उर्फ शनि (23) पुत्र रामाश्रय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार हर्ष प्रतिदिन की तरह बेनिया स्थित रामसिंह अखाड़े में अभ्यास करने गया था।

कपड़े टांगते समय करंट की चपेट में आया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हर्ष अखाड़े में उतरने से पहले अपने कपड़े खंभे पर टांग रहा था। इसी दौरान खंभे के पास लटक रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसा होते ही वहां मौजूद अन्य पहलवानों ने तत्काल मेन स्विच बंद किया और उसे बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद अचेत अवस्था में उसे तत्काल कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद हर्ष को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर चौक थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस यह जांच कर रही है कि अखाड़े में बिजली का करंट कैसे फैला और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में शोक की लहर

स्थानीय लोगों ने बताया कि हर्ष उर्फ शनि एक मेहनती, अनुशासित और मिलनसार युवक था। वह नियमित रूप से अखाड़े में पहलवानी का अभ्यास करता था और खेल के प्रति बेहद समर्पित था। उसकी असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।