Movie prime

वाराणसी के दांडी घाट पर गंगा में डूब रहा था 63 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु, NDRF ने रेस्क्यू कर बचाई जान

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। दांडी घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक 63 वर्षीय श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर तैनात 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के बचावकर्मियों की सतर्कता और तत्परता से समय रहते उसकी जान बचा ली गई।

घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के रहने वाले एस. मुतायन (63) गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। श्रद्धालु को पानी में संघर्ष करते देख घाट पर तैनात एनडीआरएफ टीम तुरंत हरकत में आ गई।

बचावकर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और लाइफ बॉय की मदद से श्रद्धालु को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें नदी किनारे लाया गया। एनडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और आम लोगों ने एनडीआरएफ के जवानों की सतर्कता और साहस की सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि घाटों पर प्रशिक्षित बचाव दल की मौजूदगी आपात स्थिति में कितनी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील

एनडीआरएफ की ओर से श्रद्धालुओं और आम लोगों से गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने, गहरे पानी में जाने से बचने और प्रशासन व बचाव दल की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

विशेषकर मानसून और गंगा का जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी की गहराई और धारा का वेग अचानक बदल सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने की अपील की गई है।