दालमंडी ध्वस्तीकरण के सरकारी कार्य में बाधा डालने पर 25-30 लोगों पर मुकदमा दर्ज, महिलाएं भी शामिल
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में दशकों पुराने अवैध निर्माण को ढहाने पहुंची वीडीए और प्रशासनिक टीम को रोकने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में विकास प्राधिकरण ने काजीपुरा कला निवासी मोहम्मद सलीम, इमरान उर्फ बबलू सहित 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं।
मंगलवार को जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, पीडब्ल्यूडी और पुलिस बल के साथ वीडीए की टीम दालमंडी स्थित काजीपुरा कला वार्ड में अवैध भवन ढहाने पहुंची थी। जैसे ही बुलडोजर चलाने की तैयारी हुई, स्थानीय लोगों ने जबरदस्त विरोध शुरू कर दिया और टीम का काम रोक दिया।
वीडीए के जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति ने बताया कि संबंधित भवन के खिलाफ पहला नोटिस 6 मार्च 1984 को ही जारी किया गया था। इसके बावजूद भवन स्वामी ने न तो शमन मानचित्र जमा किया और न ही भूमि स्वामित्व का कोई दस्तावेज प्रस्तुत किया। इसके बाद 4 जुलाई 1984 को ही अवैध निर्माण को ढहाने का अंतिम आदेश पारित कर दिया गया था।
वीडीए अधिकारियों के अनुसार, चार दशक से अधिक समय से यह मामला लंबित था, लेकिन मंगलवार को कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर टीम को काम नहीं करने दिया। इसके बाद जोनल अधिकारी की शिकायत पर चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
